बड़ौत। राशन डीलर की दुकान दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी किए जाने के मामले में बुधवार को लोगों ने आपूर्ति विभाग कार्यालय पर पहुंचकर हंगामा किया और आपूर्ति निरीक्षक से मिलकर कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित मेें शिकायत दी। कार्रवाई न होने पर डीएम से शिकायत करते हुए आंदोलन करने की चेतावनी दी।
लोगाें ने बताया कि तहसील क्षेत्र के एक गांव का राशन डीलर अब तक 30 से अधिक लोगों से 15 लाख से अधिक की धनराशि वसूल चुका है। आरोप लगाया कि कार्यालय पर तैनात आपूर्ति निरीक्षक राहुल पटेल के नाम से यह धनराशि वसूली गई है। इस दौरान उनकी कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक हुई। सूचना पर आपूर्ति निरीक्षक राहुल पटेल मौके पर पहुंचे, तो लोगों से वसूली की जांच की तो ज्यादातर पैैसों का आदान-प्रदान नवंबर 2023 का मिला।
आपूर्ति निरीक्षक राहुल ने बताया कि उनकी नियुक्त वर्ष 2024 के फरवरी में हुई है। लाेगों ने कार्रवाई न होने पर डीएम को शिकायत करने व मांग पूरी न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। हंगामा व मांग करने वालों में विनोद भारद्वाज, कृष्ण, महावीर, सुरेन्द्र, मुकेश प्रजापत, फारूक, जमील आदि शामिल रहे।
वर्जन- कुछ लोग शिकायत लेकर आए थे, नाराज थे, जांच की गई तो पता चला कि मामला नवंबर 2023 व उससे पहले का है। उनके द्वारा किसी से रुपये नहीं मांगे गए हैं, आरोप निराधार है। लिखित शिकायत प्राप्त हुई है, कोतवाली पुलिस से भी मामला दर्ज कराने को लेकर बातचीत की जाएगी और दुकान निलंबन की जाएगी। - राहुल पटेल, आपूर्ति निरीक्षक बड़ौत