खेकड़ा। नगर के मोहल्ला औरंगाबाद शेखपुरा और अहिरान स्थित कंटेनमेंट जोन के लोग होम क्वारंटीन के बजाय बाजार में घूम रहे हैं। पुलिस भी उन्हें रोकने में पूरी तरफ नाकाम नजर आ रही है।
कोरोना वायरस संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। खेकड़ा नगर के मोहल्ला अहिरान, औरंगाबाद शेखपुरा, विजयनगर में 18 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। प्रशासन ने इन तीनों मोहल्लों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया। साथ ही पुलिस भी तैनात की। मोहल्ला अहिरान स्थित कंटेनमेंट जोन में बुधवार की रात्रि में एक छात्रा कोरोना संक्रमित मिली है। उसे भी पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद भी वहां के लोग होम क्वारंटीन में नहीं रह रहे हैं। वह घरों से बाहर निकलकर बाजार में घूम रहे हैं। पुलिस भी उन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है। साथ ही वहां के कई व्यापारी भी बाजार में पहुंचकर अपनी दुकानें खोल रहे हैं। इससे नगर में बड़े स्तर पर कोरोना संक्रमण के फैलने का खतरा बना हुआ है। एसडीएम राजपाल सिंह ने कहा ऐसे लोगों को चिंहित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।