आजादनगर कॉलोनी के लोगों ने बुधवार को मकान के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन को हटवाने की मांग को लेकर निगम के एक्सईएन द्वितीय कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई। अधिशासी अभियंता के नहीं मिलने पर लोग चेतावनी देकर लौट गए।
बुधवार को ेआजाद नगर के लोग रवि के नेतृत्व मेें एक्सईएन द्वितीय कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने कहा पिछले दो दशक से हाईटेंशन लाइन उनके मकानों के ऊपर से गुजरी हुई है। इस कारण आए दिन मकानों में करंट उतर जाता है। बारिश के दिनों में भी स्थिति ओर भी खराब हो जाती है।
उन्होंने बताया एक माह पूर्व करंट लगने से कालोनी के छह दर्जन बच्चों और महिलाएं झुलस गए थे। उस दौरान विभागीय अफसरों ने हाईटेंशन लाइन हटवाने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया था, लेकिन धरना समाप्त होते ही अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
आरोप लगाया कि पूर्व जेई अरशद अली हाईटेंशन लाइन को हटवाएं को लेकर 30 हजार रुपये भी ले गया था। अब अन्य कर्मचारी भी रिश्वत मांग रहे हैं। विद्युत कर्मचारियों से आंदोलनकारियों की नोकझोंक हुई। बाद मेें चेतावनी देते हुए लौट गए।
इनमें रवि, अंनग पाल, वीरेंद्र, राम कुमार, गुलाब, सोमपाल, बबलू, प्रमोद, मुन्नी, रेखा, सोनू, रीना, करतारी, सुमन आदि रहे। एक्सईएन द्वितीय राकेश वार्ष्णेय ने कहा लाइन को हटवाने का स्टीमेट बनवाया जा चुका है।