- केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह ने परिवार के लोगों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया
- निजी गाड़ी से पहुंचे थे जयंत, पंद्रह मिनट रुकने के बाद वापस लौटे, नेताओं तक को नहीं बताया गया
फोटो संख्या 6
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। केंद्रीय राज्यमंत्री चाैधरी जयंत सिंह ने रविवार को त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ की तेरहवीं में पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। वह बिना किसी काफिले के अपनी निजी गाड़ी से पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
जयंत सिंह ने स्थानीय नेताओं को भी अपने आने की सूचना नहीं दी थी। उन्होंने डीजीपी की मां रघुवीरी, भाई विवेक कुमार और रविराज समेत परिवार के अन्य सदस्यों से बात की। जयंत सिंह ने कहा कि वह हमेशा हर तरह की मदद के लिए उनके साथ खड़े हैं। तेरहवीं का कार्यक्रम नगर के गांधी रोड स्थित धनखड़ के आवास पर हुआ। डीजीपी अनुराग धनखड़ का शव 20 जुलाई को अगरतला में उनके कार्यालय में मिला था। उनका अंतिम संस्कार 22 जुलाई को बड़ौत में किया गया था।
तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी यज्ञ में आहुति दी। उन्होंने डीजीपी धनखड़ को श्रद्धांजलि अर्पित की। यज्ञ के बाद डीजीपी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। इस अवसर पर रालोद विधायक अजय कुमार, अश्वनी तोमर, विश्वास चौधरी, सोमेंद्र ढाका, चौधरी यशपाल, वीरेंद्र सिंह लौहड्डा और उपेंद्र प्रधान उपस्थित रहे।