खेकड़ा। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे के खेकड़ा से लोनी तक चौड़ीकरण में तेजी आ गई है। इसमें बाधक बने पाठशाला बस स्टैंड स्थित यात्री शेड को बृहस्पतिवार को जेसीबी से ध्वस्त कराया गया। जल्द ही वाहन चालकों को मार्ग के गड्ढों से निजात मिलेगी।
दिल्ली अक्षरधाम से खेकड़ा तहसील तक एलिवेटिड निर्माण जारी है। इसके साथ दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे के खेकड़ा से लोनी तक चौड़ीकरण का कार्य भी चल रहा है। डबल लाइन वाले इस मार्ग को छह लाइन बनाया जा रहा है। इसका चौड़ीकरण अब तेजी से शुरू हो गया है। वहीं, इसमें बाधक बने निर्माण को ध्वस्त किया जा रहा है। वहीं, बृहस्पतिवार को इसके लिए खेकड़ा पाठशाला बस स्टैंड पर बना यात्री शेड जेसीबी से ध्वस्त कराया गया। करीब दो माह पूर्व यही पर पुलिस चौकी के भवन को भी ध्वस्त कराया गया था। गायत्री प्रोजेक्ट लिमिटेड के इंजीनियर नियाज अली ने बताया कि एलिवेटिड रोड के साथ ही दिल्ली-सहारनपुर हाईवे को भी तैयार कर दिया जाएगा।। फिलहाल यह मार्ग क्षतिग्रस्त होने के साथ गड्ढों में तब्दील बना हुआ है। वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके निर्माण से वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।