बसों का संचालन नियमित न होने से बढ़ीं यात्रियों की परेशानी
बड़ौत। बावली चुंगी से बसों का संचालन होने से जहां कुछ यात्रियों को राहत मिली है तो कुछ यात्रियों की मुसीबतें भी बढ़ गई हैं।
बता दें कि पिछले दो-तीन दशक से दिल्ली बस स्टैंड से बड़ौत-मुजफ्फरनगर, बड़ौत-शामली-सहारनपुर आदि जगहों के लिए बसों का संचालन होता था। जिससे वहां पर हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती थी। अब फिलहाल बावली चुंगी से बसों का संचालन किया जा रहा है। इससे जहां कुछ यात्रियों की राहत मिली है, वहीं कुछ यात्री परेशान भी हैं।
ये बोले यात्री----
तुगाना गांव के यशपाल ने बताया कि पिछले कई रोज से गांव से बड़ौत किसी काम आ रहा हूुं, लेकिन बावली चुंगी से समय पर बसों का संचालन नहीं हो रहा है। जिस कारण आने-जाने मेें परेशानी हो रही है। किरठल गांव की रहने वाली शीला ने बताया कि पहले रमाला-टांडा व किरठल के लिए दिल्ली बस स्टैंड के पास से बसों का संचालन होता था, वहां से समय पर बस मिल जाती थी, लेकिन बावली चुंगी पर बसों के संचालन के लिए कोई टाइम टेबिल नहीं बनाया गया। घंटों तक बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। जेवी कॉलेज में पढने वाली बिराल गांव की एमएससी की छात्रा निक्की व दिगंबर जैन पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र विकुल का कहना है कि उन्हें बावली चुंगी से बसों का संचालन होने पर राहत मिली है। पहले कॉलेज से काफी दूर दिल्ली बस स्टैंड पर बसों के लिए जाना पड़ता था, जबकि अब यह बस स्टैंड नजदीक है।