छपरौली क्षेत्र के तुगाना गांव में तैनात पीएसी के जवान
- फोटो : BAGHPAT
50 हजार के इनामी रहे परमवीर तुगाना की अस्पताल में मौत
बागपत। 50 हजार के इनामी रहे कुख्यात परमवीर तुगाना की इलाज के दौरान मौत हो गई। परमवीर का गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। परमवीर पर छपरौली थाना क्षेत्र के कूड़ी गांव में दो हमलावरों ने फायरिंग की थी। पुलिस अभी तक किसी भी हमलावर को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
वेस्ट यूपी के शातिर अपराधियों में शामिल रहे परमवीर तुगाना पर कूड़ी गांव में 22 जून की शाम साढ़े सात बजे कार सवार हमलावरों ने फायरिंग की थी। हमले में परमवीर समेत पांच लोग घायल हो गए थे। कंधे और पैर में पांच गोलियां लगने के कारण परमवीर को मेरठ से गंभीर हालत में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में कुख्यात सुनील राठी के ममेरे भाई समेत 13 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। तीन दिन पहले इंफेक्शन फैल जाने के कारण डॉक्टरों को दायां पैर घुटने के नीचे से काटना पड़ा था। इसके बावजूद परमवीर की हालत में सुधार नहीं हुआ। सोमवार को उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर छपरौली दिनेश कुमार चिकारा ने इसकी पुष्टि की है।
तुगाना पहुंचा शव, सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार
छपरौली। देर शाम परमवीर का शव उसके गांव तुगाना पहुंचा। यहां परिवार ने गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इस बीच गांव के सैकड़ों लोग जमा रहे। सुरक्षा के लिए पुलिस भी तैनात रही।
जिला पंचायत चुनाव में टकराव के आसार
बागपत। परमवीर तुगाना की हत्या के बाद अब जिला पंचायत चुनाव में गैंगवार के आसार बन गए हैं। परमवीर पर हमले में कुख्यात सुनील राठी के ममेरे भाई और उसके करीबी हलालपुर के नरेश और उसके बेटे रोबिन एवं सचिन को नामजद किया गया है। अदावत की वजह जिला पंचायत चुनाव की तैयारी माना जा रहा है। इस बार चुनाव में अन्य कई कुख्यात भी जोर आजमाइश की तैयारी में जुटे हैं। ऐसे में टकराव के आसार बन गए हैं।