- प्रत्येक ब्लॉक के तीन-तीन गांवों में होगा मेलों का आयोजन
- खेकड़ा ब्लॉक के महरमपुर गांव से मेलों का होगा शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले के प्रत्येक ब्लॉक के तीन-तीन गांवों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों में पशुओं की गंभीर बीमारी, बांझपन व अन्य बीमारियों का नि:शुल्क इलाज किया जाएगा। 12 फरवरी से खेकड़ा ब्लॉक के महरमपुर गांव से मेले का शुभारंभ किया जाएगा।
जिला पशु चिकित्साधिकारी डॉ. खुशीराम ने बताया कि शासन ने प्रत्येक ब्लॉक पर पशु आरोग्य मेलों का आयोजन करने के निर्देश दिए है। विभाग की ओर से प्रत्येक ब्लॉक के तीन-तीन गांवों का इसके लिए चयन किया गया है। मेलों में पशुओं की जांच, टीकाकरण, बांझपन और अन्य बीमारियों की जांच कर उपचार किया जाएगा। सभी चिकित्सकों को ब्लॉक वार कार्यक्रम निर्धारित कर मेलों में पशुओं का उपचार करने के निर्देश दे दिए गए है। पशुओं के इलाज संबंधी प्रारूप भरा जाएगा और मेले की फोटोग्राफी और सीडी तैयार कराई जाएगी।
इस तरफ तैयार किया गया कार्यक्रम
पशु चिकित्साधिकारी डंॉ खुशीराम ने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार खेकड़ा ब्लॉक में 12 फरवरी को महरमपुर, 28 फरवरी को फखरपुर और 13 मार्च को भैड़ापुर गांव में मेलों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा पिलाना, छपरौली, बागपत, बड़ौत और बिनौली ब्लॉक में 13 फरवरी, 27 फरवरी और 13 मार्च को मेलों का आयोजन किया जाएगा।