- 7 से 12 दिसंबर तक होगा पंचकल्याणक महोत्सव, तैयारियां पूरी करने में जुटे जैन समाज के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। दिगंबर जैन कॉलेज के ए-फील्ड में 7 से 12 दिसंबर तक होने वाले पंचकल्याणक महोत्सव के पंडाल में थर्माकोल लगाने पर प्रशासन से नोटिस मिला तो उसको आयोजकों ने हटवा दिया। वहीं पंचकल्याणक की तैयारियों पूरी की जा रही है, जिससे दोबारा अनुमति ले सके।
पंचकल्याणक महोत्सव के लिए पंडाल निर्माण में ज्वलनशील थर्माकोल और लकड़ी का अधिक प्रयोग किया गया। पंडाल निर्माण में सुरक्षा के न्यूनतम मानकों का भी पालन नहीं किया गया था। ऐसे कार्यक्रमों में शॉर्ट सर्किट से ज्वलनशील पदार्थों में आगजनी की घटना को देखते हुए एसडीएम भावना सिंह ने कार्यक्रम कराने वाली मुनि सुब्रतनाथ समिति को दी गई अनुमति निरस्त करते हुए नोटिस जारी किया था। इस नोटिस के बाद बुधवार को समिति ने थर्माकोल को हटा दिया है।
- तैयारियां पूरी की जा रही, सात दिसंबर से कार्यक्रम शुरू होंगे
आचार्य सौरभ सागर महाराज के सानिध्य में होने वाला यह महोत्सव छह दिनों तक चलेगा। चौबीस तीर्थंकरों की 24 प्रतिमाएं पंचकल्याणक विधान के माध्यम से शुद्ध होकर दिल्ली रोड स्थित मंदिर में विराजमान की जाएंगी। महामंत्री अजय जैन ने बताया कि 7 दिसंबर को घटयात्रा एवं मंडप प्रतिष्ठा, 8 दिसंबर को गर्भ कल्याणक, 9 दिसंबर को जन्म कल्याणक, 10 दिसंबर को तप कल्याणक, 11 दिसंबर को केवलज्ञान महोत्सव और 12 दिसंबर को मोक्ष कल्याणक एवं प्रतिमाओं का शुद्धिकरण के साथ महोत्सव संपन्न होगा।
- यज्ञनायक प्रभात जैन का किया सम्मान
तैयारियों के बीच अतिथि भवन में पंचकल्याणक महोत्सव के यज्ञनायक प्रभात जैन संतोष ज्वेलर्स को समाज की ओर से तिलक लगाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर आचार्य सौरभ सागर महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को पंचकल्याणक के महत्व को समझाते हुए अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। इस मौके पर धनेंद्र जैन, पंकज जैन, अरविंद जैन, सुखमाल चंद जैन, राजकुमार जैन, आनंद जैन, सतीश जैन, अशोक जैन मौजूद रहे।