बागपत, रटौल। चचेरी बहन का पेपर दिलाने रटौल के इंटर काॅलेज में गए युवक पर चाकू से हमला करने के मामले ने रविवार को तूल पकड़ लिया। जिसमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर गोठरा गांव में पंचायत हुई। जहां पहुंचे पुलिस कर्मियोंं ने पंचायत रोकने का प्रयास किया तो पुलिस से ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुई।
गोठरा गांव का रहने वाला निखिल शनिवार को अपनी बहन को लेकर रटौल के संत मेरी इंटर काॅलेज में इंटरमीडिएट का पेपर दिलाने जा रहा था। पूर्वी यमुना नहर के रास्ते पर खड़े एक युवक से उसकी कहासुनी हो गई थी। जहां निखिल पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया। राहगीरों ने किसी तरह उसको बचाया था। इस मामले में पुलिस ने रटौल के हमलावर अमन, अय्याज और अबू कलाम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अमन को गिरफ्तार कर लिया।
उधर दो आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर गोठरा गांव में रविवार को ग्रामीणों ने पंचायत कर आक्रोश जताया। जहां हंगामा होने पर पुलिस अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। ग्राम प्रधान जितेंद्र बंसल ने कहा कि अगर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह एसपी व सीएम के पास तक जाएंगे। वहीं कोतवाली प्रभारी राजबीर सिंह ने शांत कराया। उनका कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस मौके पर प्रधान जितेंद्र बंसल एडवोकेट, वीरेंद्र बंसल, नीरज, सुधीर, धनेश, तिलक, सुरेंद्र, सचिन मौजूद रहे।
- एक आरोपी पकड़ा
पुलिस एक आरोपी युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई थी। कोतवाली प्रभारी राजबीर सिंह का कहना है कि निखिल को हमला कर घायल करने वाला आरोपी अमन निवासी रटौल है। आरोपी को रविवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।