बड़ौत। बारिश और ओलावृष्टि से सरसों समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। कृषि विभाग ने पीड़ित किसानों को फसल के नुकसान की सूचना के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया है। जिससे नुकसान की भरपाई की जा सके। पीड़ित किसान 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकता है।
जनपद में पिछले दो दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश व शनिवार की शाम हुई ओलावृष्टि से सरसों समेत अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे किसान परेशान हैं। कृषि विभाग ने भी किसानों के लिए टोल फ्री नंबर 1800 8896868 जारी किया है। किसान 72 घंटे के भीतर इन नंबरों पर फसल नुकसान की सूचना देकर क्लेम करा सकते हैं या फिर अपने नजदीक कृषि विभाग के राजकीय बीज भंडार या जिला कृषि कार्यालय में आकर सूचना दे सकते हैं। वहीं, जिन किसानों ने फसल का बीमा नहीं कराया था। वे किसान फसल नुकसान की रिपोर्ट शिकायत तहसील आकर दे सकते हैं।
- गेहूं के मात्र 9 किसानों को मिला मुआवजा
फसल बीमा योजना के जिला प्रभारी राकेश ने बताया कि जनपद में अभी किसान फसल बीमा योजना कराने के लिए इतने जागरूक नहीं हुए हैं। किसानों को जागरूक होना होगा, तभी ओलावृष्टि व बेमौसम बरसात से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा मिलेगा। उन्होंने बताया कि पिछले साल धान में 176 किसानों को बीमा मिला था। जबकि गेहूं के 9 किसानों को मुआवजा मिला था। हैरानी की सरसों की फसल में हुए नुकसान के लिए किसी भी किसान को मुआवजा नहीं मिला।
वर्जन-
ओलावृष्टि व बरसात से जनपद के बहुत से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, इसके लिए कृषि विभाग ने टोल फ्री नंबर जारी किया है। किसान 72 घंटे के अंदर इस नंबर पर शिकायत कर सकता है। उन्होंने बताया कि बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे के लिए किसानों को फसल बीमा कराना होगा, साथ ही किसान क्रेडिट बनवाना होगा, तभी शत-प्रतिशत नुकसान की क्षतिपूर्ति होगी। - नोरंग प्रभारी राजकीय बीज भंडार बड़ौत।