सिंघावली अहीर थाना के एक गांव में धोखाधड़ी से चार बच्चों के पिता के निकाह रचाने का मामला सामने आया है। पता चलने पर युवती ने अपने पति के साथ रहने से इंकार कर दिया। इस मामले में हुई पंचायत ने आरोपी युवक (दूल्हे) पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया। बाद में उसे पुलिस को सौंपा।
गांव की युवती का निकाह चार-पांच दिन पहले गाजियाबाद के एक युवक के साथ हुआ था। युवती अपनी ससुराल पहुंची तो उसे पता चला उसका पति पहले से ही शादीशुदा है। इतना ही नहीं, उसके चार बच्चे भी हैं। विवाद होने पर पहली पत्नी अपने मायके चली गई है। बुधवार को युवती पति के साथ मायके आई तो उसने अपने माता-पिता और भाइयों को इसकी जानकारी दी और युवक के साथ जाने से इंकार कर दिया।
इस मामले में बुधवार देर रात तक गांव में पंचायत चली। पंचों ने कहा युवक ने धोखाधड़ी से निकाह किया है। उन्होंने उस पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया। मामला चर्चा में आने पर पंचायत में शामिल रहे लोगों ने आरोपी युवक को पुलिस को सौंप दिया। आरोपी युवक ने कहा जिस व्यक्ति ने उसका निकाह करवाया था, उसे इस बारे में पूरी जानकारी दे दी गई थी।
उसने निकाह से पहले उसकी पत्नी या उसके मायके वालों को जानकारी दी या नहीं दी, इसका उसे पता नहीं है। उधर, सिंघावली अहीर थाना प्रभारी सतीश चंद्रा ने कहा निकाह करने वाले युवक को थाने में लगाया गया है। निकाह को लेकर उनका विवाद हुआ है। पंचायत में युवक पर जुर्माना लगाया गया है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। दूसरी तरफ ग्राम प्रधान के पति ने कहा धोखाधड़ी से निकाह करने वाले युवक को पंचायत में दो लाख रुपये देने को कहा गया था।