बड़ौत में पेंट की दुकान पर छापेमारी करती पुलिस व एशियन कंपनी की टीम।
- फोटो : BARAUT
नकली पेंट बेचने की शिकायत पर दिल्ली और हरियाणा की टीम ने मारा छापा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। नकली एशियन पेंट बेचे जाने की शिकायत पर दिल्ली और हरियाणा की टीम ने बुधवार की शाम नगर स्थित एक पेंट की दुकान पर छापा मारा। अलग-अलग रंगों के 30 से अधिक नमूने लिए। देर रात्रि तक इस मामले में किसी भी दुकानदार के खिलाफ पुलिस को शिकायती पत्र नहीं दिया गया था।
एशियन पेंट कंपनी दिल्ली और हरियाणा की टीम बुधवार की देर शाम इंस्पेक्टर अजय शर्मा से मिली। टीम ने बताया कि नगर में फूंसवाली मस्जिद के पास एक पेंट की दुकान पर ग्राहकों को खुलेआम नकली पेंट बेचा जा रहा है। इसकी शिकायत लगातार मिल रही है। टीम ने छापा मारने के लिए पुलिस के सहयोग की मांग की। कोतवाल ने बाजार पुलिस चौकी इंचार्ज और कुछ पुलिस कर्मियों के टीम के साथ भेज दिया। इसके बाद टीम ने दुकान पर छापा मारा। अलग-अलग रंगों के 30 से अधिक नमूने जांच के लिए लिए। इंस्पेक्टर अजय शर्मा ने बताया कि फिलहाल कंपनी की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।