बागपत। सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह व जिलाधिकारी राजकमल यादव ने रविवार को बड़ौत मेडिसिटी अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ किया। सांसद ने कहा कि बागपत जिला शीघ्र ही ऑक्सीजन के मामले में आत्मनिर्भर होगा।
उन्होंने कहा कोरोना का संक्रमण अभी गया नहीं है। प्रत्येक नागरिक को सावधानी बरतनी है, मास्क लगाना और सोशल डिस्टेंसिंग रखनी है। प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए प्रतिदिन योग एवं प्रणायाम अवश्य करें। हरी सब्जी का सेवन करने और दवा के साथ आत्मबल होना बेहद जरूरी है। उन्होंने अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और कोविड कर्फ्यू का अनुपालन करने का आह्वान किया।
उन्होंने जिलाधिकारी राजकमल यादव की कार्यशैली की सराहना की। कहा कि जिला अधिकारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम व जनपद के अन्य अधिकारीगण कोविड-19 महामारी से निपटने में अहम योगदान दे रहे हैं। डीएम ने कहा कि जिले में सैनिटाइजेशन अभियान, मेडिसन किट वितरण, टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। कंटेंटमेंट क्षेत्र का भ्रमण किया जा रहा है। जिले में कोविड-19 कमांड कंट्रोल सेंटर में चिकित्सकों की तैनाती कर जनपद के प्रत्येक व्यक्ति को अच्छा परामर्श देने के लिए कंट्रोल रूम में 24 घंटे क्रियाशील है। कोविड-19 के कंट्रोलरूम के नंबर 0121-2220027 पर कॉल करके परामर्श ले सकते हैं।