गौरीपुर मोड़ पर रेत से लदे सात ओवरलोड ट्रक पकड़े
बागपत। एआरटीओ एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने गौरीपुर मोड पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चैकिंग अभियान चलाया। रेत से लदे ओवलोडिंग ट्रकों को पकड़ा। सात ट्रकों को सीज किया गया है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यमुना नदी में हरियाणा की तरफ रेत खनन किया जा रहा है। हरियाणा की तरफ से रेत लेकर ट्रक जनपद से होकर गुजर रहे है। रेत से लदे ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ एआरटीओ सुभाष राजपूत एवं नायब तहसीलदार देवेंद्र मिश्रा ने टीम के साथ चैकिंग अभियान चलाया। शनिवार की सुबह तीन बजे से पांच बजे तक गौरीपुर मोड़ पर ओवरलोड वाहनों की चेकिंग की। रेत से लदे सात ट्रकों को पकड़ा। ट्रक चालकों द्वारा बालू ओवरलोडिंग एवं अभिलेख नहीं दिखाने पर सातों ट्रकों को पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया। पुलिस ने ट्रकों को सीज कर दिया है। एआरटीओ ने बताया कि ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। हरियाणा की तरफ से रेत से लदे ट्रक आ रहे हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि ओवरलोड की शिकायत मिल रही थी। पुलिस पकड़े गए ट्रकों को ले गई है। उनसे जुर्माना वसूला जाएगा। ओवरलोड वाहनों को सड़क पर नहीं चलने दिया जाएगा।