बागपत में पूर्व सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा व डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह के 6,34,000 रुपये जमा नहीं करने पर एसडीएम ने गिरफ्तारी आदेश जारी किए हैं। दोनों पर नसबंदी के बाद भी महिला के गर्भवती होने और बच्ची को जन्म देने के मामले में उपभोक्ता फोरम ने जुर्माना लगाया गया था। करीब एक माह पहले दोनों के खिलाफ आरसी जारी की गई थी।
सुल्तानपुर हटाना गांव के रहने वाले सुभाष ने पत्नी बबली की 20 मार्च 2017 को बागपत सीएचसी में नसबंदी कराई थी। उसको तत्कालीन सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा व बागपत सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. यशवीर सिंह ने नसबंदी कराने के बाद बच्चे नहीं होने की बात कही थी। नसबंदी कराने के बाद उसकी पत्नी दिसंबर में गर्भवती हो गई। वह शिकायत लेकर सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा के पास पहुंचा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। अगस्त 2018 में पत्नी ने बच्ची को जन्म दिया। उसने 15,25,000 रुपये क्षतिपूर्ति के लिए उपभोक्ता फोरम में प्रार्थना पत्र दिया। जहां सुनवाई के बाद 22 फरवरी को डॉ. सुषमा चंद्रा व डॉ. यशवीर सिंह पर जुर्माना लगाते हुए एक महीने के अंदर पीड़ित को देने के आदेश दिए थे।
वहीं पीड़ित को रुपये नहीं दिए गए तो डीएम कार्यालय के निर्देश पर करीब एक माह पहले डॉ. सुषमा चंद्रा व डॉ. यशवीर सिंह की 6,34,000 रुपये की तहसील से आरसी जारी की गई। तहसील कर्मियों के कई बार जाने के बाद भी रुपये नहीं दिए गए तो एसडीएम पूजा चौधरी ने डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह के 15 दिसंबर तक गिरफ्तारी के आदेश जारी किए। सीएमओ रहीं डॉ. सुषमा चंद्रा रिटायर्ड हो चुकी हैं और उनके आवास के बारे में तहसील कर्मी पता नहीं लगा सके। तहसील कर्मी सोमवार को सीएमओ कार्यालय पहुंचे तो वहां से उनको जल्द ही रुपये जमा कराने की बात कहकर लौटा दिया गया।
यह भी पढ़ें: BIJNOR NEWS: विवाहिता ने बिजली के तार से फंदा लगाकर की आत्महत्या, दहेज की मांग से थी आहत
एसडीएम ने गिरफ्तारी के आदेश जारी किए थे, लेकिन तहसील कर्मियों को बता दिया गया है कि पैसा जल्द ही जमा करा दिया जाएगा। विभाग ने शासन से पैसा मांगा हुआ है और वहां से आते ही जमा कराया जाएगा। इसके लिए समय मांग लिया गया है।
- डॉ. दिनेश कुमार, सीएमओ
यह भी पढ़ें: BAGHPAT: रंछाड़ गांव के जंगल में कुएं में गिरा तेंदुआ, मचा हड़कंप, रेस्क्यू में जुटी वन विभाग की टीम