दोघट। एनजीटी के आदेश पर भड़ल गांव में संचालित चर्मशोधन इकाइयों को बंद कराने पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम को बृहस्पतिवार को कड़ा विरोध झेलना पड़ा। इसके चलते टीम लौट गई। वहीं, एसडीएम ने संबंधित रिकॉर्ड कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
भड़ल गांव में संचालित चर्मशोधन इकाइयों को पुलिस प्रशासन की टीम बंद कराने पहुंची। जेसीबी से एक इकाई का कुछ हिस्सा तोड़ा गया। इस पर ग्रामीण पहुंच गए। उन्होंने हंगामा कर टीम का विरोध शुरू कर दिया। महिलाओं ने आगे बढक़र जेसीबी रुकवा दी। एसडीएम बड़ौत दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि एनजीटी के आदेश पर इकाइयों को गांव से बाहर कराया जा रहा है। सभी को पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके हैं। किसी भी सूरत में गांव के अंदर चर्मशोधन नहीं करने दिया जाएगा। इसके बावजूद ग्रामीणों का विरोध जारी रहा।
इस पर एसडीएम ने ग्रामीणों को बड़ौत कार्यालय में संबंधित रिकार्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम लौट गई। इस मौके पर सीओ आलोक सिंह, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मेरठ सहायक पर्यावरण अभियंता प्रखर कुमार, अवर अभियंता एसपी सिंह, तहसीलदार प्रदीप कुमार, इंस्पेक्टर अजय शर्मा, रमाला इंस्पेक्टर रवेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर दोघट दिनेश चिकारा, एसआई श्रीओम गौतम, लेखपाल कृष्णपाल शर्मा, धर्मेंद्र कुमार व पीएसी मौजूद रही।