संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट(बागपत)। गांगनौली गांव के श्री बलजीत परमहंस स्मारक एवं चिकित्सालय में शुक्रवार को किसान मजदूर महापंचायत हुई। इसमें भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि वह राजनीतिक दल का विरोध नहीं बल्कि सरकार की गलत नीतियों का विरोध करते हैं। सरकार ने घोषणा पत्र में किसानों की विद्युत की आधी दरें करने का वादा किया था। अब दाम बढ़ाकर नलकूपों पर मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नलकूपों पर मीटर लगाए गए तो मीटर थानों में भर दिए जाएंगे।
सरकार दस साल पुराने ट्रैक्टरों को बंद करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने ऐसा किया गया तो ट्रैक्टर लखनऊ की सडक़ों पर होंगे। किसान आंदोलन से पीछे नहीं हटेगा और अपने हक के लिए गोली का सामना करने के लिए भी तैयार है। उधर, सरकार गाजीपुर बार्डर पर चले किसान आंदोलन के दौरान किए वादों पर चुप्पी साधे हुए है। किसान अपनी मांगों पर चुप नहीं बैठेगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे निर्माण में किसानों को 2015 का सर्किल रेट दिया जा रहा है। किसानों को महंगाई के हिसाब से मुआवजा दिया जाना चाहिए। सरकार विकास के मुद्दों पर नहीं मंदिर-मस्जिद के मुद्दों पर जनता को आपस में लड़ा रही है। कहा कि 29 मई को काकड़ा मुजफ्फरनगर में स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर महापंचायत होगी। उन्होंने महापंचायत को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
महापंचायत में राठी खाप चौधरी ब्रह्म सिंह राठी, पूर्व प्रधान किरतपाल राठी, प्रधान बिजेंद्र सिंह, देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह, दांगी खाप चौधरी ओमपाल सिंह, धामा खाप चौधरी जितेंद्र सिंह धामा, धनखड़ खाप चौधरी बिजेंद्र सिंह, रामा पंवार थांबा 12 गांव, श्याम सिंह बहावड़ी, देवराज पहलवान, रालोद पूर्व के जिलाध्यक्ष जगपाल तेवतिया, सुरेश राणा, राजेंद्र चौधरी, राजू तोमर, भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह, मुनेश बरवाला, तेजपाल धनौरा, हरपाल सिंह, अरुण तोमर उर्फ बॉबी, यशपाल सिंह, विदेश मलिक चुनसा, शिवदत्त शर्मा, बत्तीसा खाप चौधरी सूरजमल के पुत्र शौकेंद्र रहे।