बड़ौत सीएचसी में मौजूद मृतक के परिजन।
- फोटो : BARAUT
बड़ौत (बागपत)। बिनौली बस स्टैंड पर शनिवार को चलती मिनी बस से उतरने के चक्कर में परिचालक का पैर फिसल गया। अनियंत्रित होकर परिचालक सड़क पर गिर गया। इसी दौरान बस ने उसे कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, परिजनों ने तहरीर देकर धक्का देकर बस से गिराने का आरोप लगाया है।
मृतक अनुज (36) पुत्र शशिकांत बिनौली का रहने वाला था। वह दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर शामली से लोनी तक चलने वाली मिनी बस में परिचालक था। शनिवार को वह बड़ौत आने के लिए अपने गांव से मेरठ-बड़ौत जाने वाली बस से चढ़ा था। बिनौली बस स्टैंड पर उसने चलती बस से उतरने की कोशिश की। मगर, पैर फिसलने से वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। इसी दौरान बस का पहिया अनुज के ऊपर से उतर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर अनुज के परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, परिजनों ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि अनुज को चलती बस से किसी ने पीछे से धक्का देकर नीचे गिराया है। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी।