बड़ौत। किरठल गांव में बुधवार को कोरोना संक्रमितों को होम आइसोलेट करने गई स्वास्थ्य विभाग की टीम पर हमले के एक आरोपी को रमाला पुलिस ने बृहस्पतिवार को धर दबोचा। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
सीओ आलोक कुमार ने बताया कि किरठल गांव के दस लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। पूर्व में भी 24 अन्य लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। डॉ. शिखा और डॉ. मंसूर अहमद के निर्देशन में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमितों को होम आइसोलेट करने गांव पहुंची थी। इस दौरान कुछ लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम से अभद्रता कर डिग्री दिखाने की मांग की थी। साथ ही होम आइसोलेट होने से इनकार कर दिया था। इतना ही नहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मारपीट कर कोरोना जांच की दो किट तोड़ दी थी। मारपीट में गाड़ी चालक सौरभ आर्य घायल हो गया था। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आरोपियों के खिलाफ रमाला थाने में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। सीओ ने बताया कि टीम पर हमले के एक आरोपी दीपक पुत्र अजेंद्र निवासी किरठल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य की तलाश जारी है। इसके बाद आरोपी को जेल भेज दिया।