जांच न होने से वृद्धा पेंशन के 1500 आवेदन पत्र लंबित पड़े
छपरौली ब्लॉक व बड़ौत तहसील में सबसे अधिक आवेदन लंबित
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में वृद्धा पेंशन के लिए किए गए 1560 आवेदन पत्र जांच न होने से लंबित पड़े है। ब्लॉक स्तर पर छपरौली ब्लॉक में सबसे अधिक 416 और तहसील स्तर पर बड़ौत तहसील में सबसे अधिक 90 आवेदन लंबित है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को लंबित आवेदनों की जांच कर उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी विमल कुमार ढाका ने बताया कि जिले में ब्लॉक स्तर पर वृद्धा पेंशन योजना के लिए ऑनलाइन किए गए 1414 और तहसील स्तर पर 147 आवेदन जांच के लिए लंबित है। इनमें ब्लॉक स्तर पर बागपत में 162, बड़ौत में 192, बिनौली में 243, छपरौली में 416, खेकड़ा में 239 व पिलाना में 162 आवेदन पत्र जांच के लिए लंबित है। इसके अलावा तहसील स्तर पर बागपत में 30, बड़ौत में 90 व खेकड़ा में 27 आवेदन पत्र जांच के लिए लंबित है। सभी ब्लॉक स्तर व तहसील स्तरीय अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर कार्यालय में उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा गया है।