बागपत। यहां वित्त वर्ष 2024-25 के अंतिम दिन सोमवार को ईद की छुट्टी होने के बाद भी सरकारी कार्यालय खुले और लाखों के बिल बनकर पास होते रहे। सालभर ध्यान नहीं देने वाले कई अधिकारियों एवं कर्मियों को बजट लैप्स होने की चिंता सताती रही। बजट खर्च करने को लेकर कोषागार में कर्मी भागते रहे। एक दिन में सात करोड़ और पिछले छह दिन में रिकार्ड 83 करोड़ का बजट खर्च हो गया।
विकास भवन स्थित राष्ट्रीय आजीविका मिशन, पंचायत राज विभाग, समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग समेत कई कार्यालयों में कर्मी कार्य करने में जुटे रहे। बीएसए कार्यालय खुला और वहां योजनाओं से संबंधित सभी फाइलों को पूरा करके बजट खर्च करने में लगे रहे। कृषि उप निदेशक कार्यालय में दिनभर कर्मचारी अपलोड हुए बिलों को पास कराने में लगे रहे।
इस तरह अधिकतर कार्यालयों में अधिकारी व कर्मचारी देर रात तक लगे रहे, क्योंकि कई विभागों में तुरंत बजट आया तो उससे पुराना बकाया भुगतान कराया गया। सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अंतिम दिन कई कार्यालय खुले और जितनी भी फाइलें आई, उनको पास किया गया।