मृत दर्शाकर बांड बंद करने के मामले में पीड़ित ने लगाई एसपी से गुहार
बड़ौत। बिजरौल निवासी किसान मृत दर्शाकर गन्ना बांड बंद करने, रिश्वत मांगने के मामले मेें छह माह से न्याय को भटक रहा है। अब किसान पर विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। शुक्रवार को पीड़ित कोतवाली मेें आए एसपी से मिला और न्याय की गुहार लगाई।
किसान धर्मवीर पुत्र गजे सिंह निवासी बिजरौल गांव ने शुक्रवार को कोतवाली पहुंचे एसपी अभिषेक सिंह को बताया कि फरवरी माह में उसे मृतक दर्शाकर बांड बंद कर दिया गया था। समस्या के समाधान के लिए गन्ना समिति के सुपरवाइजर व सचिव से मिला तो उन्होंने पहले रिश्वत मांगी। पैसे देने से मना कर मारपीट भी की। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली मेें सचिव व सुपरवाइजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। छह माह बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। एसपी ने बताया कि इस मामले की जांच एसएसआई धीरेन्द्र कुमार कर रहे है। किसान से कुछ कागजात मांगे गए है। कागजात मिलते ही जांच पूरी कर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी।
उधर, गन्ना समिति बड़ौली रोड पर तैनात सचिव सुधीर का कहना है कि फिलहाल किसान का बांड चालू है। समझौते का दबाव बनाने का आरोप निराधार है।