बागपत। आईजी प्रवीण कुमार ने शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ड्यूटी पर लगे अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के दिशा-निर्देश दिए।
आईजी ने कहा कि कोई सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निष्पक्षता के साथ निर्वहन करें। किसी भी मतदान स्थल पर गड़बड़ी की सूचना मिलने पर अधिकारी तत्काल वहां पहुंचे। मतदान स्थलों के बाहर ज्यादा भीड़ एकत्र न होने दें। माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएं। प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के प्रभाव में कोई अधिकारी कार्य न करें। यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीएम राजकमल यादव, एसपी अभिषेक सिंह, एएसपी मनीष कुमार मिश्र, एडीएम अमित कुमार, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट और मतदान ड्यूटी के लिए नामित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।