बागपत के बड़ौत में पूर्वी यमन नहर पर स्थित वन विभाग के कार्यालय में मंगलवार को सैकड़ों वन मजदूर पहुंचे और पौधरोपण के दौरान मजदूरी नहीं मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी वन कर्मियों से नोकझोंक हुई। सूचना पर पहुंचे वन दरोगा और वन रक्षक ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत किया। उन्होंने शीघ्र मजदूरी नहीं मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
मंगलवार को धनौरा टीकरी, संतनगर, खिवाई, सरौरा, खपराना, करनावल, बड़ौत आदि क्षेत्रों के मजदूर वन कार्यालय में पहुंचे और कार्यालय पर तालाबंदी कर दी। मजदूरों ने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री के आदेश पर जुलाई माह में पूरे प्रदेश में पांच करोड़ पौधे रोपित किए थे। इस दौरान बड़ौत वन रेंज में भी लाखों पौधे रोपित किए, लेकिन आज तक मजदूरी नहीं मिली। वन कर्मी मनोज और विकास ने कहा मजदूरी न मिलने पर आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा वन क्षेत्राधिकारी ओम सिंह सभी मजदूरों का पैसा दबाएं बैठे हैं। इस दौरान उनकी वन कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई।
दफ्तर में वन मजदूरों के हंगामा करने की सूचना पर दफ्तर पहुंचे वन दरोगा रविकांत चौधरी, वन रक्षक सुनील शर्मा, मनोज ने मजदूरों को समझा-बुझाकर शांत किया। वन क्षेत्राधिकारी ओम सिंह ने कहा जल्द ही मजदूरों को मजदूरी दी जाएगी। तालाबंदी करने वालों में हरपाल, कुलदीप, महताब, चंद्रपाल, सत्यवीर, मनोज, नीटू, त्रिलोक, राजबीरी, जुल्लो, यामीन, जुल्फकार, सलीम, एजाज, नौशाद, रफीक, रिजवान, कासिम, अली मोहम्मद आदि रहे।