जिला पंचायत सदस्य के चुनाव के पहले चरण में उम्मीदवारों की भीड़ लग गई। दूसरे दिन 45 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। दो दिन में कुल 82 लोगों ने नामांकन कर दिया।
इससे जिला पंचायत के चुनाव में घमासान होने के आसार बढ़ गए हैं। मैदान में सबसे कम नामांकन वार्ड 18 और 15 के लिए हुआ। जबकि सर्वाधिक लोगों ने वार्ड 20 में किया गया, जिसमें 14 महिलाओं का नामांकन शामिल हैं।
खेकड़ा और पिलाना ब्लाक के सात वार्डों के लिए जिला पंचायत सदस्य के नामांकन के अंतिम दिन नामांकन करने वालों की भीड़ रही। मंगलवार को सुबह नौ बजे ही नामांकन शुरू हो गया। शाम चार बजे तक 45 लोगों ने नामांकन किया, जिसमें महिला वार्ड की सात महिलाओं के नामांकन सहित कुल 14 महिलाओं का नामांकन हुआ।
जबकि सोमवार को 37 लोगों का नामांकन हुआ था। दोनों दिनों में पहले चरण के चुनाव के लिए कुल 82 लोगों ने नामांकन कर दिया, जिसमें 27 महिलाएं शामिल हैं। अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार मालपाणी ने बताया कि बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच कराई जाएगी। बृहस्पतिवार से दूसरे चरण का नामांकन शुरू हो जाएगा।
पत्नी, भाई और मां का भी कराया नामांकन
जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवारों ने नामांकन किसी कारणवश निरस्त न हो जाए, इस लिहाज से अधिकांश नेभाई और पत्नी के नाम से भी नामांकन कराए। एक उम्मीदवार ने पत्नी और भाई का नामांकन कराया है। जबकि दो उम्मीदवारों ने अपनी मां के साथ नामांकन किया है। एक उम्मीदवार ने अपने बेटे के साथ नामांकन किया है।