बागपत कोतवाली के क्षेत्र के एक गांव में महिला और उसके दो बेटियों से तमंचे के बल पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है। यह आरोप पड़ोस के ही चार युवकों पर लगा है। पीड़ित परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
महिला ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया गांव में पड़ोस में रहने वाले चार युवक शराब पीकर उनके साथ गाली-गलौच करते हैं। वह बुधवार को मंदिर में पूजा करने जा रही थी। इसी दौरान आरोपी युवकों ने उसके साथ मारपीट की। शाम करीब साढ़े छह बजे आरोपियों ने नशे की हालत में उनके घर में घुसकर उसके और उसकी दो बेटियों के साथ छेड़छाड़ कर अश्लील हरकतें कीं।
विरोध करने पर आरोपियों ने उनके तमंचा सटा दिया। इस दौरान आरोपियों ने उसकी बुरी तरह से पिटाई की। इतना ही नहीं उनके कपड़े तक नोंच डाले। शोर-शराबा होने पर वहां पर काफी लोग एकत्र हो गए। उन्हें देखकर आरोपी भुगत लेने की धमकी देकर चले गए। बृहस्पतिवार की सुबह भी आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। इससे परिजन भयभीत हैं।
उसने कोतवाली में परिवार को सुरक्षा दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित महिला को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।