दोघट। गैडबरा में बनने वाला 132 केवीए का बिजलीघर अब तवेला गढ़ी गांव में बनने की उम्मीद है। इसके लिए ग्राम प्रधान ने 14 बीघा जमीन दे दी है। विद्युत विभाग ट्रांसमिशन के अधिकारियों ने शनिवार को तवेला गढ़ी गांव में जमीन का निरीक्षण कर लखनऊ रिपोर्ट भेज दी।
वर्तमान समय में 132 केवीए बिजलीघर कान्हड़ ओवरलोड चल रहा है। इस बिजलीघर से क्षेत्र के 14 विद्युत उप केंद्रों को सप्लाई दी जाती है, लेकिन इस बिजलीघर की क्षमता सिर्फ आठ विद्युत उप केंद्रों को सप्लाई देने की है।
कान्हड़ बिजलीघर को ओवर लोड देख ऊर्जा निगम ने यहां ही 220 केवीए का बिजलीघर बनाने का निर्णय लिया, लेकिन यहां पर तीन बीघा जमीन कम होने के कारण 220 केवीए का बिजलीघर नहीं बन सका। इसके बाद ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने गैडबरा में 132 केवीए का दूसरा बिजली घर बनाने का प्रस्ताव पास किया, लेकिन यहां पर बिजलीघर के लिए चयनित की जमीन, लेकिन 210 मीटर जगह कम होने के कारण यहां बिजलीघर नहीं बन सका।
इसके बाद अधिकारियों ने अन्य गांवों में बिजली के लिए जमीन तलाशनी शुरू की। तवेला गढ़ी गांव में अधिकारियों को बिजलीघर के लिए ग्राम प्रधान राजीव कुमार ने 14 बीघा जमीन देने को कहा। शनिवार को विद्युत विभाग ट्रांसमिशन के अधिशासी अभियंता ब्रजपाल वर्मा समेत अन्य अधिकारी तवेला गढ़ी गांव पहुंचे और ग्राम प्रधान द्वारा दी गई 14 बीघा जमीन का निरीक्षण किया।
अधिशासी अभियंता ब्रजपाल वर्मा ने बताया उन्होंने जमीन की पैमाइश कर रिपोर्ट लखनऊ भेज दी। शीघ्र ही इसे स्वीकृत कर लिया जाएगा। अब तवेला गढ़ी गांव में 132 केवीए का बिजलीघर बनने की संभावना है। इस बिजलीघर के लिए एक लाइन 220 केवीए बिजलीघर सरधना और दूसरी लाइन शामली से आएगी।