दोघट। तवेला गढ़ी गांव के जंगल में अमरूद के पेड़ों की रखवाली कर रहे दो ग्रामीणों के सामने तेंदुआ आकर खड़ा हो गया।
तवेला गढ़ी गांव निवासी संजीव पुत्र वीरेंद्र और पट्टी बंजारन निवासी कैश मोहम्मद ने गांव के जंगल में कुछ अमरूद के पेड़ लगा रखे हैं। अब पेड़ों को फल आया हुआ है और दोनों किसान पेड़ों की रखवाली करते हैं। शुक्रवार की शाम दोनों पेड़ों की रखवाली कर रहे थे कि अचानक ईंख के खेत से निकल कर तेंदुआ दोनों के सामने आकर खड़ा हो गया।
तेंदुए को देखकर दोनों के पैरों तले से जमीन खिसक गई और दोनों भयभीत हो गए। कुछ देर के लिए किसानों के मुंह से आवाज नहीं निकली। थोड़ी देर बाद दोनों शोर मचाते हुए वहां से भाग निकले। गांव पहुंचकर उन्होंने तेंदुए के बारे में बताया कि ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से तेंदुए को पकड़वाए जाने की मांग की।