बागपत। अब मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में वधू को उपहार में मिलने वाली पायल व बिछिया की चांदी में खेल नहीं कर पाएंगे। अब निर्माता को प्रत्येक वधू को 65 टंच चांदी का प्रमाण पत्र देना अनिवार्य होगा। वहीं वधू को अब उपहार में ज्यादा सामान मिलेगा।
शासन ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की राशि 51 हजार से बढ़ाकर एक लाख की है। इसमें खास यह है कि वर-वधू को 10 हजार रुपये के स्थान पर 25 हजार रुपये का सामान उपहार में मिलेगा। कपड़े, स्टेनलेस स्टील का डिनर सेट, पांच लीटर क्षमता का कुकर, ट्राली बैग, डबल बेड चादर, कंबल, लाख के कंगन व पायल-बिछिया आदि सामान मिलेगा। वहीं पायल-बिछिया के निर्माता को प्रत्येक वधू को 65 टंच चांदी की शुद्धता का प्रमाण पत्र देना होगा। ऐसा नहीं करने पर भुगतान नहीं मिलेगा। इससे पायल-बिछिया की चांदी में खोट रुकेगा। पहले कई बार पायल-बिछिया की चांदी को लेकर सवाल उठते रहे हैं। उपहार में दिए जाने वाले सामान की खरीद नियमानुसार जिला स्तर के अलावा निदेशालय स्तर पर भी की जा सकती है। लेकिन उसका भुगतान जिला स्तर से ही होगा। 15 हजार रुपये समारोह में खर्च होंगे और 60 हजार रुपये वधू की बैंक खाते में भेजे जाएंगे। जिनकी आय सालाना तीन लाख रुपये तक हैं वो भी बिटिया की शादी योजना के तहत करा सकते हैं। शासन में प्रमुख सचिव एल वेंकटेश्वर लू ने नियमों का पालन कराने के लिए अधिकारियों को पत्र भेजा है। 10 जोड़े होने पर विवाह कराया जाएगा। प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी विवेक वर्मा ने कहा कि शासनादेश का पालन किया जाएगा।