बागपत। अब गांव-गांव सूक्ष्म उद्योग को बढ़ावा देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य होगा। इसके लिए उप्र ग्रामीण आजीविका मिशन से बागपत में 100 उद्यम सखियों की नियुक्ति होगी।
उद्यम सखियां महिलाओं को व्यवसाय के लिए न केवल प्रेरित करेंगी, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक अड़चन दूर कराकर सूक्ष्म उद्योग स्थापित कराने में सहयोग करेंगी।
उप्र ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अब गांवों में उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिए उद्यमी सखी योजना शुरू की। प्रत्येक कलस्टर पर चार उद्यमी सखी नियुक्त होंगी। बागपत में 100 उद्यमी सखी नियुक्त करने का लक्ष्य मिला है। इनकी नियुक्ति की कवायद शुरू हो गई है। उद्यम सखियां महिलाओं को सरकारी योजनाओं, उद्यमिता के लाभ और सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्यम के तहत मिलने वाले अवसरों की जानकारी देंगी।
इसका उद्देश्य महिलाओं को वस्त्र, खाद्य उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स, उपभोक्ता वस्तुओं के उत्पादन, रिपेयर सेवाएं, ब्यूटी पार्लर, खाद्य प्रसंस्करण, डेयरी फार्मिंग, पॉल्ट्री कीपिंग तथा पारंपरिक उत्पाद व्यवसाय की राह दिखाना है। उद्यम सखियों को 2800 रुपये प्रति माह मानदेय मिलेगा। उद्यम सखियों की नियुक्ति का फायदा 50 हजार से ज्यादा महिलाएं उठा सकती हैं। महिलाओं के व्यवसाय करने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। अन्य लोगों को भी काम मिलने से गरीबी उन्मूलन की रफ्तार तेज होने से गांवों में खुशहाली आएगी।