सार
बागपत के ढिकोली ग्राम प्रधान संदीप को ललितपुर जेल में बंद कुख्यात बदमाश ज्ञानेंद्र ढाका ने फोन पर रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी। प्रधान ने चांदीनगर थाने में तहरीर दी, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बागपत जनपद में ढिकोली ग्राम पंचायत के प्रधान संदीप ढाका को ललितपुर जेल में बंद कुख्यात अपराधी ज्ञानेंद्र ढाका की ओर से फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। प्रधान का कहना है कि रंगदारी मांगते हुए आरोपी ने कहा कि "मारना था तुझको, मार दिया बब्बू को। अब तुझे भी खत्म कर देंगे।"
प्रधान संदीप ने बताया कि 4 नवंबर की दोपहर को एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। पहले उन्होंने कॉल नहीं उठाई, लेकिन दोबारा कॉल आने पर रिसीव किया। कॉल करने वाले ने स्वयं को ज्ञानेंद्र ढाका बताते हुए गाली-गलौच की और धमकी दी कि वह जेल में रहते हुए भी उसे मरवा देगा।
यह भी पढ़ें: UP: 'मैंने तेरे पति को मार डाला...', प्रेमी ने कत्ल के बाद पत्नी को फोन पर बताई थी ये बात; अजय का कबूलनामा
प्रधान ने यह भी बताया कि आरोपी ने उसकी पत्नी की वोट पुख्ता कराने और उसे भविष्य में ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में उतारने की बात कही। रंगदारी के लिए अपने आदमी भेजने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद प्रधान संदीप ढाका ने थाना चांदीनगर में ज्ञानेंद्र ढाका और उसके सहयोगी पंकज के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी अतर सिंह ने बताया कि मामला गंभीर है, जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।