-सीएम डैशबोर्ड में सात विभागों की 37 से ऊपर आई रैंक, डीएम ने डायट प्राचार्य को लगाई फटकार
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कलक्ट्रेट में सीएम डैशबोर्ड संबंधित विकास कार्यों की बैठक में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने समाज कल्याण अधिकारी, डीआईओएस सहित सात अधिकारियों को 37 से ऊपर रैंक आने पर नोटिस जारी किया। वहीं बड़ौत डायट प्राचार्य को विभागीय पत्राचार करने पर फटकार लगाते हुए व्यवहार में सुधार के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि कई विभागों की रैंकिंग काफी खराब आ रही है और इसके बावजूद सुधार नहीं किया जा रहा है। रैंकिंग से पता चल रहा कि अधिकारी विकास कार्यों को लेकर कितने गंभीर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी और उन्हें विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि जारी कर उनकी सेवा पुस्तिका में चस्पा की जाएगी। डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी समेत अन्य की रैंकिंग खराब होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डायट प्राचार्य से नाराजगी व्यक्त करते हुए अंतर विभागीय कार्यों में पत्राचार न करने की हिदायत दी। साथ ही बड़ौत डायट प्राचार्य मल्टीपरपज हॉल का निर्माण न होने पर भी शासकीय कार्य में रुचि न लेने पर नाराजगी व्यक्त की। वहीं फजलपुर रजबहा पर सड़क निर्माण करने के लिए अधिशासी अभियंता सिंचाई, 3746 वृद्धावस्था पेंशन के लंबित प्रकरण को शीघ्र निस्तारण करने, जिला गन्ना अधिकारी को किसानों का गन्ना भुगतान कराने के निर्देश दिए।