बागपत। चौधरी चरण सिंह विवि से संबद्ध बागपत के 12 कॉलेजों सहित 67 को अभिलेख जमा नहीं कराने पर नोटिस जारी किया गया है। सभी कॉलेजों को मंगलवार दोपहर तक का समय दिया गया और अभिलेख नहीं देने पर इन कॉलेजों को बीएड की काउंसलिंग की सूची से बाहर कर दिया जाएगा।
मेरठ के चौधरी चरण सिंह विवि से बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, हापुड़ आदि के कॉलेज संबद्ध हैं। विवि ने इन जगहों के 67 कॉलेजों को नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि कॉलेजों में बीएड की पढ़ाई कराई जा रही है और वर्ष 2025-27 की बीएड में प्रवेश की काउंसलिंग के लिए झांसी के बुंदेलखंड विवि को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पांच जुलाई तक सभी कॉलेज को इससे संबंधित अभिलेख जमा कराने के आदेश दिए थे, लेकिन अभी तक इन 67 कॉलेजों ने अभिलेख जमा नहीं कराए हैं।
इसकी वजह से कॉलेजों के मानकों की जांच नहीं हुई तो बीएड करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। विवि के कुलसचिव ने संबंधित कॉलेज के प्रबंधकों को नोटिस जारी कर मंगलवार 12 बजे तक अभिलेख जमा कराने के निर्देश दिए हैं। कहा कि यदि अभिलेख जमा नहीं किए जाते हैं तो बीएड की सीटों पर रोक लगा दी जाएगी। इसके अलावा कॉलेज के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
-बागपत में खेकड़ा क्षेत्र के सबसे ज्यादा छह कॉलेज
विवि ने अभिलेख नहीं देने पर बागपत के जिन 12 कॉलेजों को नोटिस जारी किया है। इनमें खेकड़ा क्षेत्र के सबसे ज्यादा छह कॉलेज हैं। इनके अलावा बड़ौत के तीन, बागपत का एक व पिलाना क्षेत्र के दो कॉलेज शामिल हैं। अगर यह अभिलेख नहीं देते हैं तो यह बीएड में विद्यार्थियों का प्रवेश नहीं कर सकेंगे।