नाइट शेल्टर हाउस बनाने और गोवंश संरक्षण केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के दिए निर्देश
लिंगानुपात में सुधार करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के भी दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। प्राविधिक शिक्षा व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के प्रमुख सचिव व जिले के नोडल अधिकारी अमृत अभिजात ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लिंगानुपात में सुधार करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। सर्दी को देखते हुए नाइट शेल्टर हाउस बनाने और गोवंश संरक्षण केंद्रों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी अमृत अभिजात ने डीएम के अधीनस्थ आने वाले न्यायालयों का निरीक्षण कर वादों को निस्तारण गुणवत्तापूर्ण करने के लिए कहा। सर्दी को देखते हुए शहर में नाइट शेल्टर हाउस और नगर पालिका व नगर पंचायत को प्रमुख स्थलों पर अस्थाई आश्रय स्थल बनाने के निर्देश दिए। जेल, थाना और तहसीलों में बंदियों को ठंड से बचाव के इंतजाम करने के लिए कहा। पशुपालन विभाग को वृहद गोवंश संरक्षण केंद्र खट्टा प्रहलादपुर व सरूरपुर को सीसीटीवी कैमरों से जोड़कर आदर्श केंद्रों के रूप में स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेट एवं अवैध खनन के प्रकरण पर प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को नहरों के पानी के रेगुलेशन को सेटेलाइट से जोड़ने के निर्देश दिए। नगरीय क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट ऑनलाइन ऑन ऑफ सिस्टम से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने खट्टा प्रह्लादपुर में आईटीआई का कार्य को समय से पूरा करने करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ देने के लिए डाटा ठीक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लिंगानुपात में सुधार के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के बनाए गए आवासों की फोटोग्राफी व जियो टैगिंग कराने के लिए कहा। निर्माण कार्यों का दैनिक पर्यवेक्षण करने और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को से सड़कों के निर्माण की प्रगति ली। उन्होंने कहा कि सड़कों के चौड़ीकरण में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रत्येक स्कूल में शौचालय व पीने के पानी की व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने डेंगू व कोविड-19 के केस और चिकित्सकों की उपलब्धता की जानकारी ली। बैठक में जिलाधिकारी राजकमल यादव, पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन, मुख्य विकास अधिकारी रंजीत सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी आदि मौजूद रहे।
बेसिक शिक्षा अधिकारी को लगाई फटकार
नोडल अधिकारी अमृत अभिजात ने बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कार्यालय में सफाई न मिलने और फाइलों का सही रखरखाव न करने पर बीएसए को फटकार लगाई। व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए तो शिक्षकों के कार्य समय पर पूरे करने के लिए कहा गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से की वार्ता
बागपत। नोडल अधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत लाभार्थी राजू पुत्र मंगतराम निवासी देवी चौक, शिवचरण पुत्र मामराज निवासी वार्ड नंबर 13 पुरानी तहसील, चरण सिंह पुत्र शिवचरण निवासी कोर्ट रोड से वार्ता कर आवासों के बारे में जानकारी ली। लाभार्थियों ने बताया कि उन्हें योजना के अंतर्गत आवास मिला, जिससे वह संतुष्ट है।