संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को अग्रवाल मंडी टटीरी की कई क्लीनिक पर पहुंचकर अभिलेख देखे। दो अप्रशिक्षित चिकित्सकों पर अभिलेख नहीं मिलने पर उन्हें नोटिस दिए गए। वहीं कई क्लीनिक संचालक दुकान बंद कर भाग गए।
बागपत सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने बताया कि कई दिन से अग्रवाल मंडी टटीरी कस्बे में बिना डिग्री के क्लीनिक चलाने की शिकायत मिल रही थी। टीम के साथ कस्बे में पहुंचे तो कई क्लीनिक संचालक उन्हें देखकर बंद करके भाग गए। जोगेंद्र व राममोहन के पास क्लीनिक चलाने के अभिलेख नहीं मिलने पर नोटिस दिया गया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तीन दिन में अभिलेख जमा नहीं कराए गए तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। वहीं पिलाना सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुधीर शर्मा ने दो अप्रशिक्षित चिकित्सक खिंदौड़ा निवासी राकेश कुमार व तिलपनी निवासी मोसीन के खिलाफ अभिलेख नहीं मिलने की प्राथमिकी दर्ज कराई। बिनौली सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित गुप्ता ने धनौरा सिल्वरनगर निवासी जावेद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर कार्रवाई की गई और क्लीनिक को सील किया गया।