विधान सभा चुनाव
- नामांकन प्रक्रिया शुरू होने पर कलक्ट्रेट में अर्द्धसैनिक बल व पुलिस कर्मी तैनात रहे
- डीएम ने नामांकन कक्षों का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए, ईवीएम का रेंडेमाइजेशन हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को पहले दिन एक भी नामांकन नहीं हुआ। प्रत्याशी और उनके प्रतिनिधि 11 फार्म जरूर लेकर गए। इनमें भी किसी बड़ी पार्टी का प्रत्याशी नामांकन फार्म नहीं लेकर गया। डीएम ने नामांकन कक्षों का निरीक्षण करते हुए जरूरी निर्देश दिए। इसके साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने ईवीएम का रेंडेमाइजेशन किया गया।
कलक्ट्रेट में शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। भीड़ अंदर न जाएं, अद्धसैनिक बल के जवान और पुलिस कर्मी लगाए गए थे। इसके साथ ही आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। मगर, पहले दिन कलक्ट्रेट में कोई भी प्रत्याशी नामांकन करने के लिए नहीं पहुंचा। तीनों विधानसभा सीटों से 11 प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधि नामांकन फार्म जरूर लेकर गए। इनमें छपरौली विधानसभा के लिए चार नामांकन पत्र, बड़ौत के लिए चार व बागपत के लिए तीन नामांकन पत्र लेकर गए। माना जा रहा है कि सोमवार से नामांकन शुरू हो सकते है, क्योंकि अभी कई पार्टियों के प्रत्याशी भी घोषित नहीं किए गए है।
डीएम ने नामांकन कक्षों का निरीक्षण किया
डीएम राजकमल यादव ने शुक्रवार को सभी नामांकन कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी आरओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही कहा कि नामांकन के दौरान चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन किया जाए और कोरोना से बचाव के लिए भी नियमों का पालन हो। किसी तरह की समस्या नामांकन को लेकर नहीं होनी चाहिए।
राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के सामने ईवीएम का रेंडेमाइजेशन हुआ
डीएम राजकमल यादव, एडीएम अमित कुमार व राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के सामने ईवीएम का रेंडेमाइजेशन किया गया। प्रतिनिधियों को यह दिखाया गया कि किस नंबर की ईवीएम को किस विधानसभा क्षेत्र में भेजा जा रहा है। ताकि बाद में किसी तरह का कोई विवाद नहीं हो।