बागपत में अपने विवादित बयानों के लिए चर्चाओं में रहने वाले उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज ने गन्ना किसानों की समस्या पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में जादू की छड़ी नहीं है।
तितावी की समस्या हल हो गई, अब बागपत का हल निकालेंगे। राम मंदिर तो वर्ष 1992 में ही बन गया था, अब तो केवल इसे दिव्यता और भव्यता प्रदान करने के लिए पत्थर घिसे जा रहे हैं। फिर दोहराया कि वर्ष 2019 से पहले रामलला को आवास मिल जाएगा। कैराना पलायन के मुद्दे पर कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति की जा रही है। पहले देश की सीमाओं की सुरक्षा के प्रबंध किए जा रहे हैं, इसके बाद आस्तीन के सांपों से निपटा जाएगा।
श्री विनायक कॉलेज ऑफ एजुकेशन मवींकलां में आयोजित जूनियर बालक-बालिका स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता वह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। वहां पत्रकारों से बातचीत में नोटबंदी पर राहुल गांधी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि देश को 65 सालों तक लूटने वाले अब खुद बैंकों की लाइन में खड़े हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता का सिर्फ बहाना है, चोर तो वह स्वयं हैं। गन्ना किसानों का जिक्र छिड़ते ही कहा जल्द बागपत का समाधान करेंगे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में जादू की छड़ी नहीं है, ंसमस्या 70 साल पुरानी है। पीएम गंभीर हैं और इसका स्थायी समाधान किया जाएगा। कैराना जैसा पलायन उन्नाव में भी कुछ जगह हुआ। पहले देश की सीमाओं की सुरक्षा की जा रही है, जल्द ही आस्तीन के सांपों से निपटा जाएगा।
ऐसे लोगों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तो नमक भारत का खाते हैं और गीत पाकिस्तान के गाते हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों में राष्ट्रीयता बढ़ी है। राम मंदिर निर्माण पर दोहराया कि अगले लोकसभा चुनाव से पहले रामलला को भी आवास मिल जाएगा। मोदी रामभक्त और भारत भाग्य विधाता हैं। वहीं मवींकलां में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का जमावड़ा लगा। कुश्ती के अर्जुन अवार्डी सुभाष तोमर, राजीव तोमर, अनुज चौधरी के अलावा विश्व विजेता कबड्डी टीम के सदस्य नितिन तोमर और द्रोणाचार्य अवार्डी महा सिंह भी यहां मौजूद रहे।
बागपत में एशिया और भारत कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि विधानसभा चुनाव में अपने-अपने गांव में आने वाले नेताओं से सवाल करना कि वह खेलों के लिए क्या-क्या करेंगे। यूपी सरकार ने खेलों के लिए कुछ नहीं किया। मवींकलां के श्री विनायक कॉलेज ऑफ एजुकेशन में 36वीं बालक और 19वीं बालिका जूनियर स्टेट कुश्ती चैंपियनशिप का उद्घाटन केशरगंज सांसद ब्रजभूषण शरण एवं उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज ने किया। ब्लाक प्रमुख जितेंद्र धामा और कॉलेज के निदेशक प्रमेंद्र धामा ने अतिथियों का स्वागत किया। शरण ने कहा कि पहले देश के खिलाड़ी ईरान और रूस से घबराते थे, लेकिन अब भारत के पहलवानों से ईरान और रूस के पहलवान घबराने लगे हैं। यूपी के पहलवानों का जिक्र करते हुए कहा कि इन्हें बनाने में सरकारों का योगदान नहीं, इन्हें केवल मां-बाप ने बनाया है। यूपी की किसी भी सरकार ने खेल के लिए कोई भी काम नहीं किया। हरियाणा का जिक्र करते हुए कहा कि वहां सिर्फ भाजपा ही नहीं, बल्कि कांग्रेस और इनेलो की सरकार ने भी खेलों के लिए बढ़िया कार्य किए और इसका फायदा हुआ। इससे प्रदेश सरकार सबक लें। साक्षी महाराज ने कहा कि बेटियों ने देश का मान बढ़ाने कार्य किया है। दोनों सांसद ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।