बागपत के कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह सैनी। संवाद
बागपत। औद्योगिक विकास विभाग राज्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत पात्रों को ऋण देने के निर्देश दिए। इसके अलावा विकास योजनाओं में लापरवाही न बरतने और सीएम डैश बोर्ड में जिले की स्थिति सुधारने के लिए कहा गया।
मंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि जिन विभागों की सीएम डैश बोर्ड पर रैंकिंग खराब है, उनमें जल्द सुधार किया जाए। सभी कार्य को गुणवत्ता के साथ करें। आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने कार्यों का स्वयं मूल्यांकन करते रहे और जो उनके पास आता है, उसकी समस्या का निस्तारण जरूर करें। बीमारियों की रोकथाम के लिए शहरों व गांवों में सफाई कराने और दवाइयों का छिड़काव कराने के लिए कहा गया।
मंत्री ने शिक्षा विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी लेकर ओर बेहतर करने के निर्देश दिए तो लीड बैंक मैनेजर, उपायुक्त उद्योग को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में अधिक आवेदन कर युवाओं को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। प्रगति खराब होने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि पुलिस का संवाद जनता के साथ ठीक हो। हत्याओं के मामले में गिरावट आनी चाहिए। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि 977 लोगों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है और लगातार कार्रवाई की जा रही है।