उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार की अड़ियल कार्यशैली के कारण देश का किसान दिल्ली के चारों ओर जमा हो गया है।
राष्ट्रीय पर्व पर अन्नदाता अपनी एकता, शांति और अनुशासन की ताकत से दुनिया को हैरान कर देंगे। सरकार को किसान हित में कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए। सरकार की हठधर्मिता के कारण किसानों को जानमाल का नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों की समस्या पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप हैं।
चौधरी नरेश टिकैत ने बागपत और पुसार बस स्टैंड पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दिल्ली हमारी है। किसी से कोई बैर नहीं। किसान माफ करना भी जानता है और हक छीनना भी। सरकार की हठधर्मिता के सामने किसान नहीं झुकेंगे।
यह भी पढ़ें: बागपत: ट्रैक्टर रैली में शामिल होने जा रहे किसानों की पुलिस से नोकझोंक, हंगामा, तोड़ी बैरिकेडिंग
कृषि कानूनों की वापसी के लिए किसान दो माह से दिल्ली बार्डर पर धरना दे रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री किसानों के लिए दो शब्द तक नहीं बोल रहे हैं। भाकियू मांग करती है कि पंजाब सरकार की तरह हरियाणा व यूपी सरकार भी किसानों का दर्द समझे।
दिल्ली ट्रैक्टर परेड में लाखों की संख्या में ट्रैक्टर पहुंचेंगे। इस दौरान लाटियान खाप के चौधरी वीरेंद्र लाटियान, रविंद्र मुखिया, वीरेंद्र चौधरी, रामकुमार तोमर, नवीन, विशाल बालियान, नरेंद्र राठी, राजेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।
38वें दिन भी हाईवे पर जारी रहा धरना
उधर, बड़ौत में नए कृषि कानून के विरोध में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर 38वें दिन भी धरना जारी रहा। इस दौरान थांबेदार चौधरी ब्रजपाल सिंह ने कहा कि जब तक सरकार नए कृषि कानून को वापस नहीं लेती, तब तक यह धरना जारी रहेगा। कहा कि 26 जनवरी की परेड में शामिल होने के बाद क्षेत्र का किसान वापस धरने में शामिल होगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/