बागपत के बड़ौत के धनौरा सिल्वर नगर से लापता युवती का जला हुआ शव हापुड़ जनपद के देहात थाने के पीरनगर सूदना गांव के जंगल में पड़ा मिला है। उसकी गला घोंट कर हत्या की गई है। शव को जलाया भी गया है।
धनौरा सिल्वर नगर निवासी सुनील की 19 वर्षीय बेटी 11 फरवरी को अपनी छोटी बहन के लिए किताब लेने बड़ौत आई थी और लापता हो गई थी। उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला सका। मां संजू ने बिनौली थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराते हुए अपहरण की आशंका जताई थी।
सोमवार की सुबह हापुड़ से उनके पास सूचना आई कि दो दिन पूर्व एक युवती का रविवार को परिनगर सूधना गांव के जंगल में शव पड़ा मिला था। उससे मिले कागजात में पूजा निवासी धनौरा सिल्वर नगर लिखा था। सूचना पर पूजा के पिता सुनील, मां संजू, भाई सूरज आदि हापुड़ के लिए रवाना हो गए और उन्होंने इसकी शिनाख्त पूजा के रूप में की है।
परिजनों के मुताबिक पूजा की गला घोंटकर हत्या की गई है। इसके बाद उसके शव को जलाया गया है। पूजा के पैर के अंगूठे के नीचे पुरानी चोट का निशान है, ऐसा ही निशान मृतका के शरीर पर भी है। जबकि अंगुली में छल्ला भी पहन रखा था। पूजा ने भी वैसा ही छल्ला पहन रखा था।
पहचान मिटाने को जलाया गया चेहरा
हापुड़। पीरनगर सूदना गांव में दो दिन पूर्व करन सिंह के गन्ने के खेत में करीब 20 वर्षीय युवती का जला हुआ शव मिला था। आशंका थी कि युवती की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जलाया गया है।
बड़ौत से यहां लाकर क्यों मारा
हापुड़। पुलिस अब इस थ्योरी पर काम कर रही है कि जिस स्थान पर युवती का शव मिला था, वहां जंगल है। पास में ही काली नदी है। जो शख्स युवती को यहां लाया, उसे रास्ते ही अच्छी जानकारी होगी। यदि युवती बागपत की रहने वाली है तो उसे बड़ौत से यहां लाकर क्यों मारा गया।
कहीं प्रेमी के साथ ही तो नहीं आई युवती
हापुड़। पुलिस इस थ्योरी पर विचार कर रही है कि युवती का बड़ौत में रहने वाले किसी युवक से प्रेम-प्रसंग हो। युवती प्रेमी के साथ यहां आई हो। किसी बात पर विवाद हो गया हो और हत्या करने के बाद शव को जला दिया गया।
डीएनए टेस्ट बताएगा असलियत
हापुड़। बागपत के धनौरा सिल्वर नगर निवासी जिस परिवार ने युवती को अपना होने का दावा किया है, वह परिवार युवती की ठोस शिनाख्त नहीं कर सका है। इसलिए असमंजस में है। पुलिस परिजनों का डीएनए कराने का विचार कर रही है। ताकि युवती की शिनाख्त हो सके। सीओ सिटी विशाल यादव का कहना है कि डीएनए कराने का फैसला किया गया है। इसके बाद ही युवती की शिनाख्त हो सकेगी। हत्या के कारणों की तलाश भी की जा रही है।