रुपये ठगने के विवाद में की थी ऑटो चालक की हत्या
अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। दिल्ली के ऑटो चालक कृष्ण पाल लाकड़ा की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। ढाई लाख रुपये की ठगी के विवाद में दिल्ली के लोगों ने ही हत्या कर शव को मीतली में ठिकाने लगाया।
दक्षिण पश्चिम जिले के छावला थाना क्षेत्र के काबा मोहल्ला निवासी ऑटो चालक कृष्णपाल लाकड़ा का शव 31 दिसंबर 2019 को मीतली गांव के पास बरामद हुआ । कृष्णपाल की हत्या सिर में रॉड मारकर की। इंस्पेक्टर बागपत अरविंद कुमार मामले की जांच कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि बुधवार को दिल्ली में ही हत्या के इस मामले का खुलासा हुआ । पुलिस ने हत्या के आरोप में रेखा और प्रदीप को गिरफ्तार किया । पहले तीनों साथ मिलकर ही काम करते थे, लेकिन ठगी के ढाई लाख रुपये के विवाद में कृष्णपाल से दोनों का विवाद हो गया। वारदात के दिन तीनों घर से साथ चले। आरोपियों ने कृष्णपाल को शराब पिलाई और मीतली के जंगल में सिर में रॉड मारकर हत्या कर दी । मृतक के पास मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी शिनाख्त हुई।