पति ने ही की थी पत्नी और बेटे की हत्या
बिनौली(बागपत)। जिवाना गुलियान गांव में डॉली कश्यप और उसके चार माह के बेटे रितिक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने खुलासा किया है कि पति कमल को शक था कि डॉली के किसी से संबंध हैं और रितिक उसका बेटा नहीं है। इसी कारण कमल ने दोनों को मौत के घाट उतार दिया और पत्नी के आत्महत्या करने का शोर मचा दिया।
थाना क्षेत्र के जिवाना गुलियान गांव में रविवार सुबह डॉली कश्यप और उसके बेटे रितिक का शव कमरे में मिला था। पुलिस को चौकीदार ने सूचना दी थी कि डॉली ने पहले बेटे की हत्या की और इसके बाद खुद फांसी के फंदे पर झूल गई। पुलिस ने देर रात मृतका के पति से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया। एसओ बिनौली रवेंद्र यादव ने बताया कि कमल को शक था कि उसकी पत्नी के किसी से संबंध हैं और रितिक उसका बेटा नहीं है। इसी शक में कई बार दंपती का झगड़ा हुआ। एक दिन पहले भी झगड़ा हुआ था। इसके बाद कमल ने खतरनाक साजिश रच दी। उसने पहले डॉली की गला दबाकर हत्या की, उसके बाद रितिक को गला दबाकर मार डाला। इसके बाद डॉली का शव फंदे पर लटका दिया। दिन निकलने पर उसने शोर मचा दिया कि उसकी पत्नी ने पहले बेटे की हत्या की और उसके बाद आत्महत्या कर ली। वारदात के बाद मायके पक्ष ने भी ग्रामीणों के सामने मुकदमा दर्ज कराने से इंकार कर दिया था। लेकिन देर रात डॉली के पिता मोहनवीर निवासी सरनावली, मुजफ्फरनगर ने बिनौली थाने पहुंचकर कमल, ससुर सुनील, सास बबली, देवर सूरज के खिलाफ दहेज की खातिर दोनों की हत्या करने की तहरीर दे दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सोमवार को नामजद पति और ससुर को बागपत कोर्ट में पेश किया। एसओ रवेंद्र यादव का कहना है कि कमल ने हत्या करना स्वीकार किया है।