हत्या के केस में अभियुक्त पर दोष सिद्ध, आज सजा के प्रश्न पर सुनवाई
बागपत। बड़ौत में करीब पांच साल पहले बीएससी के छात्र की गोली मारकर हत्या के मामले में एक अभियुक्त पर दोष सिद्ध हो गया। जिला जज संतोष कुमार राय की अदालत में सुनवाई हुई। सजा के प्रश्न पर मंगलवार को सुनवाई होगी।
डीजीसी फौजदारी सुनील पंवार ने बताया कि 22 फरवरी 2015 की रात में बड़ौत के शिव विहार में बीएससी के छात्र विशाल उर्फ विशु की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के पिता अजय चौहान ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने विवेचना के बाद वाजिदपुर निवासी मनीष तोमर और बड़ौत के खिरनी मोहल्ला निवासी धन प्रकाश जैन के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। हत्या की वजह रंजिश बताई। मनीष तोमर से पुलिस ने तमंचा बरामद किया था।
जिला जज संतोष कुमार राय की अदालत में प्रकरण की सुनवाई हुई। सोमवार को अदालत ने अभियुक्त मनीष तोमर पर दोष सिद्ध किया। दूसरे अभियुक्त धन प्रकाश जैन को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया गया। मनीष तोमर की सजा के प्रश्न पर मंगलवार को सुनवाई होगी।