संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज में चल रही अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा में सोमवार को सचल दल ने एक मुन्ना भाई को पकड़ लिया। व्यक्तिगत छात्र की जगह परीक्षा दे रहे इस युवक को पुलिस को सौंप दिया है। इस संबंध में कॉलेज प्राचार्य ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा चल रही है। सोमवार को दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष के संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा थी। परीक्षा सुबह 11 बजे से दो बजे तक संपन्न हुई। सचल दस्ते की टीम ने चेकिंग के दौरान कमरा नंबर छह में आदेश नैन पुत्र विकास कुुमार नाम से पंजीकृत व्यक्तिगत छात्र की जगह परीक्षा दे रहे विवेक नैन पुत्र अरविंद कुमार निवासी सरूरपुर को पकड़ लिया। कॉलेज प्राचार्य डॉ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी छात्र विवेक स्वयं भी बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। कॉलेज की ओर से आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उन्होंने कोतवाली मेें तहरीर भी दी है।
सीओ युवराज सिंह ने बताया कि सरुरपुर गांव निवासी छात्र विवेक नैन के खिलाफ दूसरे छात्र की जगह परीक्षा देने के मामले में तहरीर आई है, जिसकी जांच शुरू कर दी गई है।
यूपी बोर्ड परीक्षा में भी पकड़े गए थे दो मुन्ना भाई
डेढ़ माह पहले ही जनता वैदिक इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा की परीक्षा देते दो मुन्नाभाइयों को पकड़ा गया था। इन दोनों ने 50-50 हजार रुपये में परीक्षा देने का सौदा तय किया था। पुलिस इस मामले में भी कई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।