- 04 टंकियों की सफाई के लिए मेरठ से बुलाई जाएगी टीम
- 01 लाख रुपये बजट खर्च किया जाएगा सफाई कार्य पर
- सोमवार और मंगलवार को कराई जाएगी टंकियों की सफाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। एक सप्ताह से शहरवासियों के सामने दूषित पानी की समस्या बनी हुई है, जिसका समाधान कराने के लिए नगर पालिका ने शहर की चारों टंकियों की सफाई कराने का निर्णय लिया है। सफाई के लिए मेरठ से टीम बुलाई जाएगी, जो सोमवार और मंगलवार को चारों टंकियों की सफाई करेगी। इस सफाई कार्य पर करीब एक लाख रुपये बजट खर्च किया जाएगा। इसके बाद लोगाें को दूषित पानी की समस्या से निजात मिल जाएगी।
शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए चार बड़ी टंकियां लगी हुई है, जिनसे पूरे शहर में पाइपलाइन से घर-घर पेयजल पहुंचाया जा रहा है। एक सप्ताह से घरों में टंकियों से दूषित पानी निकल रहा है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी की समस्या को लेकर रोजाना शहर के लोग ईओ और अन्य अधिकारियों से शिकायत भी कर रहे है। शुक्रवार को भी टंकियों से गंदा पानी निकला। गंदे पानी की समस्या का समाधान कराने के लिए नगर पालिका ने चारों टंकियों की सफाई कराने के लिए मेरठ की एक टीम को पत्र लिखा है। ईओ ललित आर्य ने बताया कि टंकियों की सफाई के बाद गंदे पानी की समस्या से शहरवासियों को निजात मिल जाएगी।
हैंडपंप से पानी लेने के लिए मजबूर हुए लोग
एक सप्ताह से लगातार घर में गंदा पानी आ रहा है, जिसकी शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। गंदा पानी पीने के काम भी नहीं आ रहा। इसके चलते हैंडपंप से पीने का पानी भरने को मजबूर हो गए है। - असलम, कोर्ट रोड
जल्द मिले गंदे पानी की समस्या से निजात
टंकी से गंदा पानी निकलने के कारण समस्या का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी को लेकर अधिकारियों से भी शिकायत की गई। जल्द ही इस समस्या का समाधान कराया जाए और गंदे पानी की समस्या से निजात मिले। - सचिन, ठाकुर द्वारा मोहल्ला।
दो दिन बाधित रहेगी पेयजल आपूर्ति
टंकियों की सफाई सोमवार को शुरू होगी। सोमवार की शाम से लेकर मंगलवार शाम तक पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। सफाई होने के बाद आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। सफाई पर करीब एक लाख रुपये बजट खर्च किया जाएगा। - ललित आर्य, ईओ नगर पालिका बागपत।