बड़ौत तहसील में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसान।
- फोटो : अमर उजाला
बड़ौत में तहसील में मलकपुर चीनी मिल से गन्ना भुगतान और मिल क्षेत्र के गन्ने का इंतजाम कराने की मांग को लेकर चल रहा बेमियादी धरना जारी है। बुधवार बागपत सांसद की पत्नी अलका तोमर ने धरनास्थल पर पहुंच कर किसानों की बात कर उनकी मांग सांसद तक पहुंचाने की बात कही है।
तहसील में किसानों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। अब तक कोई अधिकारी सुध लेने नहीं पहुंचा है। तीसरे दिन धरने की अध्यक्षता चौधरी अलबेल सिंह ने की। संचालन बल्जोर आर्य ने किया। धरनास्थल पर पूर्व विधायक साहब सिंह ने कहा कि यदि किसान एकजुट रहे तो सरकार उनके आगे झुकेगी, लेकिन किसानों में एकजुटता अभी भी नहीं हो पाई है। जिसका खामियाजा हमें अब तक भुगतना पड़ रहा है। अभी और इंतजार करे, फिर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। पूर्व विधायक डॉ. अजय कुमार ने कहा कि हम किसानों की कोई सुनने वाला नहीं है। किसानों की प्रशासन भी सुध नहीं ले रहा है। जनपद के किसानों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सब किसानों को एक मंच पर आने का आह्वान किया। धरनास्थल पर किसानों के बीच बागपत भाजपा सांसद सत्यपाल सिंह की पत्नी अलका तोमर पहुंची और उन्होंने किसानों को मांग को जायज ठहराते हुए वे इस सांसद से बात करेगी और उनकी इस समस्या को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर रालोद नेता अश्वनी तोमर, धर्मेंद्र तोमर, अरुण तोमर बॉबी, सतेंद्र प्रमुख, रामकुमार चेयरमैन, सतेंद्र तुगाना, विकास प्रधान, रामफल, जयवीर, विपिन पूनिया, रणधीर, तेजपाल, रामकुमार पंवार, थांबा चौधरी यशपाल सिंह, राममेहर, विनोद, आदि मौजूद रहे।