यहां सांसद व विधायक के गांव और बूथों पर रालोद को खूब वोट मिले। मगर पूर्व मंत्री समेत कई के बूथों पर रालोद पिछड़ गई। कांग्रेस नेता के बूथ पर सपा को ज्यादा वोट नहीं मिल सके तो बसपा प्रत्याशी को तीसरे स्थान पर रहने के बाद भी अपने गांव में लोगों ने खूब साथ दिया।
सांसद डाॅ. सत्यपाल सिंह के गांव बासौली में 1589 वोट डाली गईं। इनमें से अमरपाल शर्मा को 307 व राजकुमार सांगवान को 974 वोट मिली। पूर्व विधायक सहेंद्र सिंह रमाला के गांव रमाला में 3369 वोट डाली गईं थीं। जिसमें से अमरपाल शर्मा को 475 व राजकुमार सांगवान को 2477 वोट मिलीं। भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय के गांव ककौर कलां में तीन बूथों पर कुल 3796 वोट थीं, जिनमें से 1573 वोट डाली गईं। इसमें से सपा प्रत्याशी अमरपाल शर्मा को 455 व डाॅ. राजकुमार सांगवान को 998 वोट मिलीं।
इसके अलावा भाजपा के राज्यमंत्री केपी मलिक, रालोद के पूर्व विधायक डाॅ. अजय तोमर, रालोद नेता अश्वनी तोमर के महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में कुल 8332 वोट थीं, जिनमें से 3457 वोट ही डाली गईं। जिसमें सपा प्रत्याशी अमरपाल शर्मा को 1166 व भाजपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी राजकुमार सांगवान को 2238 वोट मिले।
छपरौली विधायक डाॅ. अजय कुमार ने जैन स्थानकवासी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में मतदान किया, यहां 3147 वोट डाले गए थे। इसमें सपा प्रत्याशी अमरपाल शर्मा को 519 व राजकुमार सांगवान को 2522 वोट मिले। छपरौली के पूर्व विधायक वीरपाल राठी के क्षेत्र टीकरी में कुल 10526 वोट थीं, जिनमें से 4620 वोट डाली गईं। इसमें से सपा प्रत्याशी अमरपाल शर्मा को 1107 व राजकुमार सांगवान को 3247 वोट मिले।
रालोद को पूर्व मंत्री नहीं दिला सके वोट, कांग्रेसी भी पिछड़े
भाजपा विधायक योगेश धामा के मवीकलां गांव में बूथ नंबर 212 पर रालोद प्रत्याशी को 490 और सपा प्रत्याशी को 74 वोट मिले। रालोद के पूर्व मंत्री डा. मैराजुद्दीन के रटौल में बूथ नंबर 297 पर रालोद प्रत्याशी को 112 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी को 486 वोट मिले। कांग्रेस के महासचिव अहमद हमीद के श्री यमुना इंटर काॅलेज बागपत के बूथ नंबर 14 पर रालोद प्रत्याशी को 567, जबकि सपा प्रत्याशी को 57 वोट मिले।
सपा जिलाध्यक्ष के श्रीकृष्ण इंटर काॅलेज बालैनी के बूथ नंबर 127 पर रालोद प्रत्याशी 140 और सपा प्रत्याशी को 365 वोट मिले। बागपत नगर पालिका चेयरमैन व रालोद नेता राजुद्दीन के बूथ संख्या पांच पर रालोद को 390 वोट मिले तो सपा को 139 वोट मिल सके। अमीनगर सराय में चेयरमैन सुनीता मलिक के बूथ पर रालोद को 319 वोट मिले तो सपा को 214 और यहां बसपा को 261 वोट मिले। भाजपा की खेकड़ा नगर पालिका अध्यक्ष नीलम धामा के बूथ पर रालोद को 389 और सपा को केवल 99 वोट मिले।
बसपा के प्रवीण का अपने गांव वालों ने दिया साथ
बसपा के प्रत्याशी रहे प्रवीण बंसल भले ही दिल्ली रहते हों, मगर उनका पैतृक गांव घिटौरा है और उनके परिवार के काफी लोग गांव में रहते हैं। जहां उनको सबसे ज्यादा 1440 वोट मिले। जबकि रालोद को वहां 829 वोट मिले और सपा को केवल 113 वोट ही मिल सके। मगर उनकी बिरादरी के आसपास के गांव के लोगों ने भाजपा से गठबंधन होने के कारण रालोद का साथ दिया।