बालैनी (बागपत)। हापुड़ जनपद में बागपत जिले के मतातनगर गांव निवासी सिपाही सचिन की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे से परिवार और गांव में शोक की लहर है।
बालैनी थाना क्षेत्र के मतानतनगर गांव का सचिन (25) पुत्र रामपाल वर्ष 2016 में यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था। वर्तमान में उसकी पोस्टिंग लखीमपुर खीरी जनपद के धौरहरा थाने में थी। शनिवार को वह अपहरण के एक मुकदमे में बरामदगी के लिए एसआई धर्मेंद्र यादव, सिपाही दीपिका व चालक मेहराज अली के साथ बोलेरो गाड़ी में गुरुग्राम गया था। यहां से महिला और अपहरणकर्ता को बरामद करने के बाद टीम थाने के लिए लौट रही थी। रविवार की सुबह करीब चार बजे हापुड़ जनपद में सिंभावली मिल के सामने उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे सिपाही सचिन, गाड़ी चालक मेहराज और अपहरणकर्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला सिपाही और एसआई घायल हो गए। रविवार की शाम सिपाही का शव गांव पहुंचा तो शोक की लहर दौड़ गई। मृतक सिपाही सचिन पांच भाई बहनों में सबसे बड़ा था। पिता रामपाल दिल्ली में एमसीडी में कार्यरत है। परिजनों के मुताबिक तीन साल पहले ही सचिन की शादी हुई थी, उसका दो साल का बेटा है।