बैंक खातों, आधार, मोबाइल नंबर के अलावा नाम में त्रुटि बनी वजह
जिले में 74,133 उज्ज्वला कनेक्शन, दस हजार अभी भी निष्क्रिय
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। उज्जवला योजना के अंतर्गत जिले में 74 हजार 133 कनेक्शन है। इनमें से 63 हजार 992 कनेक्शन एक्टिव है। बुकिंग न कराने के कारण दस हजार 131 कनेक्शन निष्क्रिय हो गए है। इसके अलावा बैंक खातों, आधार, मोबाइल नंबर और नाम में त्रुटि होने के कारण पांच हजार 522 उपभोक्ताओं को योजना की धनराशि नहीं भेजी जा सकी है।
बुकिंग के बाद की जाती है राशि स्थानांतरित
बागपत। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उपभोक्ता द्वारा रिफिल की ऑनलाइन बुकिंग के बाद उनके खातों में धनराशि स्थानांतरित की जाती है। बुकिंग न करने अथवा खाता संख्या में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर धनराशि का स्थानांतरण नहीं किया जा सकता है। जिले में पांच हजार 522 उपभोक्ता ऐसे है, जिनके खातों में नाम, आधार, मोबाइल अथवा नाम में त्रुटि है। त्रुटि होने के कारण इनके खातों में धनराशी का स्थानांतरण नही हो पाया है। इन उपभोक्ताओं को अपने खातों की त्रुटि ठीक कराने के निर्देश दिए गए है।
निष्क्रिय उपभोक्ताओं का किया जाएगा सत्यापन
बागपत। जिले में उज्ज्वला योजना के दस हजार 131 उपभोक्तओं कनेक्शन निष्क्रिय है। विभाग की ओर से इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन की जांच कर सत्यापन कराया जाएगा।
58 हजार से ज्यादा को भेजी धनराशि
बागपत। लॉकडाउन पीरियड में 58 हजार 470 कनेक्शन धारकों के खातों में विभाग की ओर से नि:शुल्क गैस सिलिंडर के लिए धनराशि स्थानांतरित की गई है।
जिले में बढ़ गए 17 हजार राशन कार्ड
बागपत। आपूर्ति विभाग की ओर से जिले में 17 हजार 933 नए कार्ड जारी किए गए है। लॉकडाउन से पूर्व जिले में एक लाख 77 हजार 564 कार्ड थे, जो अब बढ़कर एक लाख 95 हजार 497 हो गए है।
जिले में निष्क्रिय कनेक्शन का सर्वे कर सत्यापन कराया जाएगा। इसके अलावा जिन उपभोक्ताओं के खातों में धनराशी का स्थानांतरण नहीं हो रहा है, ऐसे उपभोक्ताओं को खातों की त्रुटि ठीक कराने के निर्देश दिए गए है। - अभय प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी।